दिल्ली कांग्रेस चीफ के पद पर आज लग सकती है कीर्ति आजाद के नाम पर मुहर

दिल्ली विधानसभा चुनाव 2020 की तैयारी में जुटी कांग्रेस सोमवार शाम तक दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष (Delhi Pradesh Congress Committee president) के पद पर कांग्रेस नेता कीर्ति आजाद (Kirti Azad) के नाम पर मुहर लगा सकती है। यहां पर बता दें कि पिछले सप्ताह शुक्रवार को ही कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी (Congress President Sonia Gandhi) ने दिल्ली कांग्रेस के नए चीफ के लिए कीर्ति आजाद के नाम पर मुहर मुहर लगा दी थी, लेकिन औपचारिक एलान नहीं किया गया था। माना जा रहा है कि देर शाम तक कीर्ति आजादा के नाम पर एलान हर हाल में कर दिया जाएगा।


सूत्रों के मुताबिक, पिछले सप्ताह ही दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष पद के लिए कीर्ति आजाद के नाम पर सहमति बन  गई थी, लेकिन किन्हीं वजहों से एलान रोक दिया गया था। 


बता दें कि इससे पहले सोनिया गांधी दिल्ली के पूर्व सांसद संदीप दीक्षित, दिल्ली कांगेस प्रभारी पीसी चाको, पूर्व अध्यक्ष जेपी अग्रवाल, पूर्व मंंत्री अरविंदर सिंह लवली समेत 50 से अधिक नेताओं से सलाह-मशविरा कर चुकी थीं। बताया जा रहा है कि कीर्ति आजाद के नाम पर सोनिया गांधी समेत कई नेता राजी हैं।


सोनिया गांधी की भी यहां इच्छा थी कि दिल्ली कांग्रेस का नया चीफ उसे बनाया जाए, जो किसी गुट न हो। दरअसल, दिल्ली कांग्रेस में कई गुट हैं, जो एक-दूसरे को पीछे करने में जुटे रहते हैं। इसका खामियाजा कांग्रेस पिछले कई चुनावों में भुगत चुकी है।


वहीं, माना जा रहा है कि दिल्ली कांग्रेस के चीफ पद पर कीर्ति आजाद की नियुक्त के बाद दिल्ली कांग्रेस में गुटबाजी पर विराम लगेगा। वहीं, कीर्ति आजाद के बहाने कांग्रेस दिल्ली में रह रहे बिहार और यूपी के लोगों को साधना चाहती है, क्योंकि वर्ष-2015 के विधानसभा चुनाव आम आदमी पार्टी की एतिहासिक जीत के पीछे बिहार-यूपी के वोटर्स का बड़ा योगदान था।